पुत्री को गांव के ही एक युवक के साथ आपत्तिजनक हालत में देख पिता के सिर खून सवार हो गया।
आन के नाम पर पिता ने युवक के गले में रस्सी का फंदा डालकर उसका गला घोट दिया। इसके बाद अपनी बेटी का चुनरी से गला दबा दिया।
सुबह पूरे गांव में घूमकर घटना की जानकारी ग्रामीणों की दी और फिर फरार हो गया। घटना से गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
थाना नगला सिंघी क्षेत्र के गांव न्यामतपुर में शनिवार सुबह आनर किलिंग की सनसनी लेकर आई। दिन निकलते ही गांव का रामनाथ ने घूमकर लोगों को अपनी बेटी सुंदरी और दिनेश कोरी की हत्या करने की जानकारी दे रहा था।
ग्रामीण उसके घर पहुंचे और घर का माहौल देख सन्न रह गए। घर के आंगन में इला उर्फ दिनेश कोरी (20) पुत्र विद्याराम का शव पड़ा था। कुछ दूरी पर ही रामनाथ की पुत्री सुंदरी (16) का शव पड़ा था।
हत्यारोपी का दुस्साहस यह था कि गांव भर में घटना का ऐलान करने के बाद रामनाथ मृतक युवक के घर पहुंचा और उसके परिवारीजनों से कहा कि दिनेश का शव उसके घर पड़ा है और उठाकर ले आओ। इसके बाद फरार हो गया।
गांव के चौकीदार की सूचना पर थाना प्रभारी, थानाध्यक्ष पचोखरा, सीओ केहर सिंह राना एसपी डा. राकेश सिंह मौके पर पहुंच गए। सुंदरी के ताऊ पुरुषोत्तम ने बताया कि उसके छोटे भाई रामनाथ के आठ पुत्रियां हैं, जिनमें दो की शादी हो चुकी है।
उसकी पत्नी और पांच बच्चे पिनाहट के पड़ुआपुरा स्थित ससुराल में आयोजित एक शादी में गए हुए थे। घर पर रामनाथ व उसकी तीसरे नंबर की पुत्री सुंदरी रह गए थे।
पुलिस के अनुसार दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देखने के बाद रामनाथ ने उनकी हत्या की।