कस्बे में फुफेरे भाई-बहन को प्यार की कीमत जान देकर चुकानी पड़ी। दोनों की लाशें 30 घंटे के अंतराल पर फांसी से लटकी मिलीं।
प्रेमिका की पीएम रिपोर्ट में लोहे की रॉड से गला दबाकर हत्या की पुष्टि होने के बाद उसके दो भाइयों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। युवक की पीएम रिपोर्ट में सुसाइड करना आया है।
फुफेरी बहन से था रिश्ता
बुढ़ाना के मोहल्ला खाकरोबान निवासी मुबारिक का प्रेम-प्रसंग फुफेरी बहन चंधेड़ी रोड निवासी नगमा से चल रहा था। परिजनों के विरोध के बावजूद दोनों के प्रेम संबंध बदस्तूर जारी रहे।
शनिवार रात नगमा की लाश उसी के घर में छत के पंखे से लटकी मिली। परिजन उसे सुपुर्दे-खाक करने की तैयारी में थे कि किसी ने पुलिस कंट्रोल रूम को फोन कर नगमा की हत्या होने की जानकारी दी।
पेड़ पर लटकी मिली लाश
सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर रात में ही नगमा की लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। रविवार शाम नगमा की पीएम रिपोर्ट में लोहे की रॉड से गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई।
पुलिस मामले में कार्रवाई की तैयारी में ही थी कि सोमवार सुबह प्रेमी मुबारिक की भी लाश उसके खेत में पेड़ से लटकी मिली। उसकी शर्ट से ही गले में फंदा लगा हुआ था।
दो भाइयों पर मर्डर का आरोप
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक परिजन लाश को पेड़ से नीचे उतार चुके थे। एसपी देहात आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि शाम को आई मुबारिक की पीएम रिपोर्ट में सुसाइड करने की पुष्टि हुई है।
युवती की हत्या के मामले में उसके दो भाइयों अहसान और आशु के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। युवक के सुसाइड के मामले में परिजनों की तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।