ट्रेन की चपेट से गई युवक की जान
गांव रामपुर का निकला मृतक, परिवार में मचा कोहराम
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
सहपऊ (हाथरस)। जलेसर रोड (मानिकपुर) रेलवे स्टेशन के पास दिल्ली से हावड़ा जाने वाली ट्रेन चपेट में आकर एक युवक की मौत हो गई। घटनास्थल पर युवक का मोबाइल मिला, जिसके आधार पर यह अनुमान लगाया जा रहा है कि वह मोबाइल फोन पर किसी से बात कर रहा था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान दीपक कुमार उर्फ दीपू (18 वर्ष) निवासी गांव रामपुर जलेसर रोड थाना सहपऊ पुत्र राकेश कुमार गौतम के रूप में हुई।
जलेसर रोड चौकी इंचार्ज डिप्टी सिंह ने बताया कि सोमवार की देर रात को उन्हें रेलवे ट्रैक पर शव पड़े होने की सूचना किसी ने फोन पर दी। जब वे अपने हमराहों के साथ फ्रेट कॉरिडोर लाइन के पास पहुंचते तो देखा कि वहां किसी युवक का शव रेलवे लाइन पर पड़ा है। शव की स्थिति देखकर ऐसा लगता है कि ट्रेन की चपेट में आने के बाद शव काफी दूर तक घिसटता हुआ चला गया है। इस कारण मृतक के कपड़े भी पूरी तरह उसके शरीर पर नहीं बचे। टॉर्च की रोशनी से आसपास खोजबीन की गई तो वहां युवक का टूटा हुआ मोबाइल फोन मिला। शायद वह मोबाइल फोन पर किसी से बात कर रहा था। काफी देर तक इंतजार करने के बाद जब उस शव की शिनाख्त करने वहां कोई नहीं आया तो पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए हाथरस भेज दिया।
मंगलवार की सुबह रेलवे लाइन पर शव मिलने की खबर पर क्षेत्र में सनसनी मच गई। राकेश कुमार गौतम का बड़ा पुत्र रात से लापता था। शक होने पर वे कुछ लोगों को लेकर कोतवाली आए। जब मोबाइल पर उसने अपने पुत्र दीपक कुमार का फोटो देखा तो वे बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े। दीपक की मौत की सूचना पर उसके गांव में शोक की लहर दौड़ गई। कोतवाली पर भी लोगों का जमघट लग गया। कुछ देर बाद मृतक के पिता के साथ अन्य लोग हाथरस उसका शव लेने पहुुंच गए। इधर, मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।