हाथरस : करंट से मृतक युवक योगेंद्रपाल का फाइल फोटो।
- फोटो : SHAPHU
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सहपऊ (हाथरस)
क्षेत्र के गांव खेरिया निवासी 38 वर्षीय युवक की मंगलवार की सुबह टूटे तार में आ रहे करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। युवक सुबह ही धान के खेत में पानी लगाने गया था। उसकी चार साल पहले ही शादी हुई थी। उसकी मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गांव खेरिया निवासी 38 वर्षीय योगेंद्रपाल वेल्डिंग का काम करते थे। उन्होंने अपने हिस्से के खेत में धान बो रखे हैं। वेल्डिंग की दुकान पर जाने से पहले वह धान की फसल में सबमर्सिबल से चल रहे पानी को देखने गए थे। वहां खेत की मेड़ पर बिजली का तार टूटा पड़ा था। वह उस तार में दौड़ रहे करंट की चपेट में आ गए और वहीं गिर पड़े। जब काफी देर तक वह घर नहीं पहुंचे तो परिवार का एक सदस्य उनको देखने खेत पर पहुंचा। वहां वह उसे बेहोश पड़े मिले।
उसके चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर खेत पर काम करने वाले अन्य लोग भी आ गए और उनको सीएचसी सहपऊ ले गए। सीएचसी पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उनकी मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। उनकी शादी चार साल पूर्व ही हुई थी। उनके दो साल का एक पुत्र भी है। हादसे से परिवार में कोहराम मच गया। उनकी पत्नी रोते-रोते बार-बार बेहोश हो रही थी। पुलिस ने शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।