न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
ऐतिहासिक मंदिर श्रीदाऊजी महाराज में मेला अवधि में होने वाले भव्य शृंगार और आरती के दर्शन अब भक्त घर बैठे ही कर सकेंगे। नगर पालिका परिषद द्वारा ऑनलाइन दर्शन की व्यवस्था को शुरू किया जा रहा है। यह व्यवस्था कोरोना महामारी को देखते हुए की गई है। मंदिर परिसर में सजावट भी की जा रही है।
नगर पालिकाध्यक्ष आशीष शर्मा ने बताया कि इस वर्ष मेला श्रीदाऊजी महाराज कोरोना महामारी की भेंट चढ़ गया है। इस वर्ष 109वें मेले का आयोजन होना था। यह मेला हाथरस व उसके आसपास के जनपदों में सुविख्यात हैं। यह मेला प्रत्येक वर्ष योगीराज श्रीकृष्ण के बडे़ भाई बल्देव के जन्मदिवस पर बलदेव छठ से शुरू होता है। जिला प्रशासन ने भी इस अवसर पर नागरिकों से घर पर ही रहकर पूजा-अर्चना करने का अनुरोध किया है।
शहरवासियों के स्वास्थ्य को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा मेला आयोजित नहीं किए जाने का निर्णय सराहनीय है। उन्होंने बताया कि किला मंदिर परिसर को मेला अवधि में नगर पालिका परिषद द्वारा लाइटों से सजाया गया है। किला मंदिर के दर्शन व आरती के ऑनलाइन दर्शन भी जनता को मिलेंगे।