सिकंदराराऊ। नगर के पंत चौराहे स्थित एक क्लीनिक पर शुक्रवार को दो वर्षीय बच्चे की मौत के बाद हंगामा हो गया। बच्चे की मां सदमे में ट्रक के सामने दौड़ने की कोशिश करती रही। आरोप है कि कंपाउंडर द्वारा बच्चे को गलत इंजेक्शन देने से बच्चे की मौत हो गई।
गांव बसई बावस निवासी गुड़िया देवी पत्नी राजेन्द्र सिंह अपने दो वर्षीय बच्चे को इलाज के लिए बृहस्पतिवार को पंत चौराहे स्थित एक क्लीनिक पर लेकर आई। गुड़िया ने बताया कि शुक्रवार को उसके बच्चे की तबियत ज्यादा खराब हो गई थी। क्लीनिक पर कंपाउंडर ने इंजेक्शन लगा दिया, उसके कुछ देर बाद बच्चे की मौत हो गई।
गुड़िया का आरोप है कि गलत इंजेक्शन लगने से बच्चे की मौत हुई है। इसके बाद महिला क्लीनिक पर रोने- चिल्लाने लगी। इससे मौके पर भीड़ एकत्र हो गई। इस दौरान महिला ने कई बार सड़क पर गुजर रहे वाहन के सामने आने का प्रयास किया। एक घंटे हंगामे के बाद महिला शव को लेकर वापस चली गई। प्रकरण को लेकर सीएचसी प्रभारी डॉ. विवेक यादव ने कहा कि उनके पास फोन आया था कि ललित क्लीनिक पर कुछ गड़बड़ हो गई है। इसकी सूचना उन्होंने नोडल अधिकारी हाथरस को दे दी थी। क्या हुआ कैैसे हुआ उनके संज्ञान में नहीं है।