मदिरा व भांग के ठेके आवंटन के दौरान मौजूद डीएम व अन्य अधिकारी।
- फोटो : HATHRAS
संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
कलेक्ट्रेट सभागार में ऑनलाइन ई-लाटरी के माध्यम से जिले की देशी मदिरा, विदेशी, बीयर तथा भांग दुकानों के आवंटन प्रथम चरण में कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार व आबकारी आयुक्त प्रतिनिधि की देखरेख में किया गया।
मदिरा व भांग की दुकानों के आवंटन में प्रदेश के लिए एक समान व्यवस्था लागू की गई है। डीएम ने बताया कि लाटरी का वैज्ञानिक आधार प्रोबेबिलिटी पर आधारित है। एक दुकान पर प्रत्येक आवेदक के चयन होने की संभावना बराबर होती है। कंप्यूटर द्वारा रैंडम नंबर जनरेट करने की प्रक्रिया के माध्यम से चयन होता है। जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार ने बताया कि जिले में देशी मदिरा, विदेशी मदिरा, बीयर तथा भांग की कुल 15 दुकानों का आवंटन किया जाना है। जिसमें से बीयर की 4 दुकानों, विदेशी शराब की 4 दुकानों, देशी शराब की 06 दुकानों तथा भांग की 1 दुकान का लाटरी के माध्यम से आवंटन किया गया। बीयर की दुकान के लिए 19, विदेशी शराब के 147, देशी शराब के लिए 9 आवेदन प्राप्त हुए थे। प्रोजेक्टर के माध्यम से एक बड़े पर्दे पर सभी आवेदकों के सामने लाटरी सिस्टम किया गया। डीएम ने आवंटन प्रमाण पत्र वितरित किए। कार्यक्रम का संचालन अपर जिला सूचना विज्ञान अधिकारी आलोक माहेश्वरी व ईडीएम मनोज उपाध्याय ने किया। इस अवसर पर एसपी गौरव भंसवाल, एडीएम जेपी सिंह आदि मौजूद थे।