संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद।
मानसून की पहली झमाझम बारिश से नगर के कई स्थानों पर जलभराव हो गया। नगर के मोहल्ला आनंद नगर चौराहे की मुख्य सड़क पर जलभराव हो गया। कई अन्य मुख्य मार्गों के अलावा गलियों में भी पानी भर जाने से लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई जगह-घरों व दुकानों में भी पानी भर गया। कुछ के वाहन जलभराव के बीच में ही खड़े हो गए जिससे चालक उन्हें खींचते नजर आए।
बृहस्पतिवार की सुबह से ही मौसम में बदलाव दिखने लगा था। दोपहर होते-होते आसमान में काले बादल छा गए। दोपहर करीब 12 बजे तेज बारिश शुरू हो गई। करीब पौने घंटे तक झमाझम पानी बरसा। लोगों को उमस भरी गर्मी से फौरी तौर पर राहत मिली। वहीं दूसरी ओर जलनिकासी न होने से नगर की हर सड़क पर पानी भर गया।
आलम यह रहा कि नगर के सुभाष गली, सब्जी मंडी रोड, मुरसान रोड, आगरा चुंगी, प्रगतिपुरम, प्रोफेसर कॉलोनी, मोहल्ला मुकेरखाना, तहसील रोड, कूपा गली आदि मोहल्ले की गलियां पानी से जलमग्न हो गईं। घर के सामने पानी भर जाने से लोग अंदर ही कैद रहने को मजबूर हो गए। जिनको भी जरूरी काम से निकलना पड़ा, वह पानी के बीच से निकलने को मजबूर हो गए।
लोगों ने आरोप लगाया कि नालों की सफाई में लापरवाही बरती गई है, इसलिए जलभराव से जूझना पड़ रहा है। समय से कवर्ड किए गए नालों की सफाई भी नहीं की जा रही है। नालों में भारी मात्रा में सिल्ट भरी हुई पड़ी है। जल निकासी के पर्याप्त इंतजाम नहीं है।
इधर, आनंद नगर में कई दुकानों में भी बारिश का पानी भर जाने से दुकानदारों को काफी नुकसान हुआ। वहीं बारिश थमने के बाद करीब आधा घंटे बाद स्वत: ही जलभराव से लोगों को निजात मिल गई। बारिश के बंद होने के बाद उमस ने फिर से बेहाल कर दिया।
ग्रामीण इलाकों में अच्छी बारिश न होने से किसान मायूस
भले ही नगर और इसके आसपास के इलाकों में एक घंटे तक झमाझम पानी बरसा हो लेकिन ग्रामीण इलाकों में अच्छी बारिश नहीं हुई। जिससे किसानों को मायूसी ही हाथ लगी। बिसावर व उसके आसपास के इलाकों में सिर्फ बूंदाबांदी हुई, लेकिन अच्छी बारिश नहीं हुई। किसान बार-बार आसमान की तरफ देखकर अच्छी बारिश होने की आस लगाए रहे।
टाउन टू फीडर पर टूटकर गिरी विद्युत लाइन, घंटो ठप रही सैकड़ों गांव की बिजली
सादाबाद से बिसावर के विद्युत उपकेंद्र के अलावा एदलपुर और पिपरामई उपकेंद्रों को जाने वाली विद्युत लाइन सादाबाद कस्बे के टाउन टू फीडर की लाइन के ऊपर गिर गई। यह घटना बृहस्पतिवार की सुबह करीब साढ़े नौ बजे जैतई रोड पर हुई।
इस वजह से करीब पांच से छह घंटे तक लोग बिन बिजली बेहाल रहे। उक्त विद्युत उपकेंद्रों से जुड़े सैकड़ों गांव के अलावा सादाबाद कस्बे की विद्युत आपूर्ति भी ठप रही। बिन बिजली के लोग बेहाल नजर आए। बारिश के बाद ही फॉल्ट को खोजकर ठीक किया जा सका, जिसके बाद आपूर्ति सुचारु हो सकी।