दुकानदार लघुशंका करने गया, तो पीछे से दो युवक दुकान के गल्ले से खे 42500 रुपये चोरी कर भाग गए। चोरों की यह वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस उसके आधार पर चोरों की तलाश में जुट गई है।
सासनी तहसील के सामने दो शातिर युवक एक दुकान के गल्ले से हजारों रुपये की नकदी चोरी कर ले गए। दुकानदार उस समय लघुशंका करने गया था। चोर सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए। लोगों ने चोरों का पीछा भी किया, लेकिन वह भाग निकले।
बिजाहरी निवासी जयप्रकाश कुशवाहा की आगरा-अलीगढ़ राजमार्ग पर तहसील के सामने पशु आहार की थोक की दुकान है। 11 अप्रैल की सुबह 11:45 बजे वह दुकान के पीछे लघुशंका करने गए थे। तभी इन्हें खटपट की आवाज सुनाई दी। जैसे ही वह दुकान की ओर आए तो दो युवक उन्हें गल्ले में रखे 42500 रुपये चोरी कर भागते दिखाई दिए। दुकानदार ने शोर मचाया तो आसपास के लोगों की भीड़ भी उनके पीछे दौड़ पड़ी। चोर मौके का फायदा उठाकर एक गली में घुसकर चकमा देकर भाग निकले। पीड़ित दुकान स्वामी ने इस आशय की तहरीर थाने में दी है। प्रभारी निरीक्षक अरविंद राठी का कहना है कि सीसीटीवी कैमरों से मिली फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश की जा रही है।