हाथरस में 74वें गणतंत्र दिवस की धूम रही। जिला न्यायालय, कलेक्ट्रेट परिसर, पुलिस लाइन, सरकारी कार्यालयों, स्कूल- कॉलेजों, निजी संस्थाओं तथा राजनीतिक दलों के कार्यालयों पर शान से तिरंगा लहराया। स्कूल-कॉलेजों में बच्चों ने देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
जनपद न्यायालय परिसर में प्रधान न्यायाधीश, परिवार न्यायालय अखिलेश दुबे ने ध्वजारोहण किया। उन्होंने संविधान की प्रस्तावना का पाठन कराया। इसी क्रम में डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के बैनर तले अधिवक्ताओं ने बार हॉल में गणतंत्र दिवस मनाया। कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी अर्चना वर्मा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान की प्रस्तावना का संकल्प दिलाया। विकास भवन में सीडीओ साहित्य प्रकाश मिश्र ने झंडारोहण किया।
पुलिस अधीक्षक देवेश कुमार पांडेय के निर्देशन में रिजर्व पुलिस लाइन में भव्य परेड का आयोजन किया गया। परेड का मान प्रणाम मुख्य अतिथि जिलाधिकारी अर्चना वर्मा ने ग्रहण किया गया। परेड का नेतृत्व सीओ सिकंदराराऊ डॉ. आनंद कुमार ने किया। इन टोलियों के अतिरिक्त मोटरसाइकिल दस्ता, पीआरवी वाहन, व्रज वाहन, रेडियो शाखा, फील्ड यूनिट, श्वान दल, फायर ब्रिगेड की गाड़ियों द्वारा भी परेड में भाग लिया गया। परेड ग्राउंड पर मुख्य अतिथि जिलाधिकारी अर्चना वर्मा ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी गई।
आरडी गर्ल्स डिग्री कॉलेज में गणतंत्र दिवस और वसंतोत्सव का आयोजन किया गया। प्रबंध समिति सचिव प्रदीप कुमार गोयल, प्रबंध समिति के सदस्य और प्राचार्या प्रोफेसर इंदु वार्ष्णेय ने ध्वजारोहण किया गया। बागला डिग्री कॉलेज में प्राचार्य प्रोफेसर महावीर सिंह छोंकर की अध्यक्षता में गणतंत्र दिवस का आयोजन हुआ। छात्रों ने गीतों, कविताओं, निबंधों के माध्यम से देशभक्ति का संदेश दिया।
दिल्ली पब्लिक स्कूल में सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। प्रधानाचार्या नीना चक्कु ने ध्वजारोहण किया। लॉर्ड कृष्णा पब्लिक स्कूल में कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि देव स्वरूप शर्मा, हरिओम शर्मा, डीपी शर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर और मां सरस्वती के छविचित्र पर माल्यार्पण कर किया। दून पब्लिक स्कूल में गणतंत्र दिवस समारोह बड़े ही हर्षोल्लास से मनाया गया। बागला डिग्री कॉलेज प्रोफेसर रजनीश कुमार, एसएचओ चंदपा, सीए एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रवीण कुमार जैन, रोटरी क्लब गोल्ड के अध्यक्ष एसपी अरोरा और विद्यालय प्रधानाचार्य जेके अग्रवाल ने विद्यालय के चारों हाउस के बच्चों द्वारा प्रस्तुत परेड और सलामी का निरीक्षण किया।
लक्ष्मीनारायण वेलफेयर सोसाइटी रजिस्टर द्वारा बच्चों का रंगारंग कार्यक्रम सेठ हरचरण दास गर्ल्स इंटर कॉलेज पर आयोजित किया गया। पूर्व सांसद की पत्नी श्वेता दिवाकर ने भारत माता के छवि चित्र पर माल्यार्पण किया। श्रीमती प्रेमवती देवी इंटर कॉलेज बीछिया में वसंत पंचमी एवं गणतंत्र दिवस समारोह धूमधाम से मनाया गया। मुख्य अतिथि सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर, भाजपा जिलाध्यक्ष गौरव आर्य, ब्लॉक प्रमुख मुरसान रामेश्वर उपाध्याय, प्रधानाचार्य मनोज शर्मा, राजकुमार प्रधान, अशोक प्रधान आदि मौजूद रहे।
शहीदों के परिजनों को किया सम्मानित
जिलाधिकारी अर्चना वर्मा ने कारगिल युद्ध में शहीद गजपाल सिंह की पत्नी सुनीता देवी, शहीद ग्रेनेडियर हसन अली खां की पत्नी रीमा बेगम, शहीद सिपाही सत्यवीर सिंह के भाई धर्मवीर सिंह, शहीद सिपाही मुनेंद्र सिंह के पिता राजेंद्र सिंह, सहित शहीदों के परिजनों को पुष्प, शॉल भेंटकर सम्मानित किया। इसके अलावा जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने सराहनीय कार्य करने व विशिष्ट योगदान देने वाले पुलिसकर्मियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।