तहसील सादाबाद क्षेत्र के गांव कुरसंडा में आवास-विकास परिषद से सीएससी का निर्माण कराया जा रहा है। इस निर्माण में मानक के अनुरूप कार्य नहीं होने की शिकायतें डीएम डॉ. रमाशंकर मौर्य को निरीक्षण के दौरान मिली थी। इस मामले में गंभीरता बरतते हुए डीएम ने तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित कर जांच कराई थी। कमेटी ने पाया कि निर्माण कार्य मानक के अनुरूप नहीं हो रहा है और सरकारी धन का दुरुपयोग किया जा रहा है। अब डीएम ने इस निर्माण की टीएसी जांच कराने के लिए शासन को पत्र लिख दिया है। वहीं डीएम ने आवास विकास परिषद के अध्यक्ष को भी निर्माण में लापरवाही बरतने वाले संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए भी पत्र लिखकर अवगत करा दिया है।
गांव कुरसंडा में आवास विकास परिषद खंड 30 के द्वारा सीएससी का निर्माण कराया जा रहा है। इस निर्माण में मानक के अनुरूप कार्य नहीं होने की शिकायत शिकायतकर्ता रामवीर सहित कई लोगों ने डीएम से की थी। शिकायत को संज्ञान लेते हुए डीएम ने सीएससी के निर्माण की जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी गठित की। कमेटी में एसडीएम सादाबाद, रामजीलाल सहायक अभियंता लोनिवि, सतीश चंद्र जेई लोनिवि को नामित किया गया। कमेटी ने निर्माणाधीन सीएचसी की जांच शुरू की। रिपोर्ट यह सामने आया कि आवास विकास परिषद द्वारा की गई जिला प्रशासन को दी गई ड्राइंग व मानकों के अनुरूप सीएससी का निर्माण नहीं हो रहा है। इस निर्माण में सरकारी धन का दुरुपयोग किया जा रहा है। इस निर्माण में प्रयुक्त सामग्री मानक के अनुरूप नहीं लगाई जा रही है। टीम ने अपनी जांच रिपोर्ट डीएम को सौंप दी है। इस मामले में जांच रिपोर्ट आने के बाद डीएम ने भी सख्त रुख अपना लिया है। उन्होंने शासन को पत्र के माध्यम से कहा है कि शासन स्तर से इस मामले की टीएसी जांच कराई जाए, ताकि निर्माण कार्य की गुणवत्ता की हकीकत सामने आ सके।