लावारिस शव विर्रा के देवेंद्र का निकला
- फोटो : अमर उजाला
तालाब चौराहा मथुरा रोड पर शुक्रवार की रात को मिला युवक का अज्ञात शव सासनी के विर्रा के देवेंद्र शर्मा का निकला। शनिवार की दोपहर को अस्पताल पहुंचे परिजनों ने शव की शिनाख्त की। सासनी के गांव विर्रा निवासी 38 वर्षीय देवेंद्र शर्मा पुत्र राम सिंह फेरी लगाकर कपड़े बेचता था। शुक्रवार को वह अपने साले हरिओम के साथ कपड़ों की फेरी लगाने के लिए निकला। शाम को दोनों ने नशा कर लिया, जिसके बाद एक दूसरे से अलग हो गए। करीब आठ बजे पुलिस को सूचना मिली कि तालाब चौराहा मथुरा रोड पर अज्ञात व्यक्ति पड़ा हुआ है। उसे पुलिस अस्पताल लाई तो उसे मृत घोषित कर दिया गया। इधर, हरिओम निवासी भिलाई छत्तीसगढ़ कहीं पर नशे में जाकर सो गया। शनिवार की सुबह उसे होश आया। इधर देवेंद्र शर्मा के परिजनों को चिंता हुई, सूचना के बाद वह अस्पताल पहुंचे और शव की शिनाख्त की। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। एसआई मनोज कुमार का कहना है कि अज्ञात शव की शिनाख्त देवेंद्र शर्मा निवासी विर्रा के रूप में हो गई है। परिवार के लोगों को शव सौंप दिया गया। शिनाख्त करने वालों में भूप्रकाश, राकेश, लल्लू, अशोक, बंटी, दिवाकर आदि के नाम शामिल हैं।