भावना की हत्या में पुलिस ने उसके पति दिनेश पुत्र पप्पू सिंह निवासी खोंडा हजारी थाना कोतवाली नगर, रियाज पुत्र निसार निवासी लाला का नगला थाना कोतवाली नगर को गिरफ्तार किया है। एसपी ऑफिस में इस वारदात के बारे में जानकारी देते हुए एसपी विनीत जायसवाल ने कहा कि पूछताछ में दिनेश ने बताया कि वह ज्यादा से ज्यादा पैसा कमाना चाहता था। इस लालच में उसने नहना गौतम उर्फ देवेंद्र कुमार पुत्र रामजस गौतम निवासी गांव जरीपुरा थाना सहपऊ व विष्णू सिंह उर्फ शिवम उर्फ फौजी पुत्र धर्म सिंह निवासी मुर्किया जनपद आगरा को सादाबाद क्षेत्र में जमीन खरीदने के लिए 6.5 लाख रुपये दिए थे। इसको नहना व विष्णु उर्फ शिवम दोगुना करके वापस करने वाले थे। कुछ दिन बाद ही नहना व विष्णु उर्फ शिवम रुपये देने में टालमटोल करने लगे और धमकी देने लगे कि तुम्हारे पैसे नहीं देंगे और न ही जमीन मिलेगी। यह लोग जान से मारने की धमकी भी दिनेश को देने लगे। इससे वह अपने रुपयों को लेकर काफी परेशान रहने लगा और नहना व विष्णु उर्फ शिवम से रंजिश मानने लगा। वह सोचना लगा कि कैसे भी उसके रुपये वापस आ जाएं। दिनेश ने यह रुपये अपनी पत्नी के जेवर गिरवी रखकर दिए थे। इसके लिए उसका घर में पत्नी से झगड़े भी होने लगा था। इसकी वजह से वह काफी तनाव में रहने लगा था। दिनेश ने अपने एक साथी मनोज एलानी को पूरी बात बताई तो मनोज एलानी ने उसे अपने दोस्त रियाज से मिलाया।
इन तीनों ने नहना व विष्णु उर्फ शिवम को झूठा केस बनाकर फंसाने की योजना बनाई। रियाज को भी पैसे की बहुत जरूरत थी, इसके लिए रियाज की जमीन दिनेश के पास 90,000 रुपये में गिरवी भी रखा दी थी। इसका अनुबंध भी कराया गया। इसके बाद दिनेश ने रियाज एवं मनोज एलानी के साथ मिलकर अपने रुपये वापस पाने के लिए नहना व विष्णु उर्फ शिवम को झूठे मुकदमे में फसाने के लिए पूरी योजना बनाई थी।
दिनेश ने रियाज से कहा था कि वो उसका गिरवी रखा मकान छोड़ देगा और धाम कॉलोनी में एक प्लॉट व दो लाख रुपये भी देगा। दिनेश ने मनोज उर्फ एलानी को 80 हजार रुपये व करीब 35 हजार रुपये रियाज को अग्रिम भी दे दिए थे। पूरी योजना के तहत दिनेश ने अपनी पत्नी के नाम एलआईसी का 15 लाख रुपये का जीवन बीमा भी करवा लिया था।
27 जनवरी को योजनाबद्ध तरीके से दिनेश अपनी पत्नी भावना को साथ लेकर मंदिर गया। वहां रास्ते में रियाज पहले से खड़ा था। उसने योजना के मुताबिक पता पूछने के बहाने भावना के करीब जाकर गोली मारकर उसकी हत्या करा दी थी। रियाज ने दिनेश के कहने पर उसके कूल्हे पर भी गोली मारकर उसे घायल कर दिया और वहां से भाग गया। पुलिस इस मामले में अभी मनोज ऐलानी को तलाश रही है।
एक पिस्टल व दो कारतूस 32 बोर (आला कत्ल), एक चेक 50 हजार रुपये (हत्या करने के लिए दिए गए रुपये), पंजीकृत अनुबंध (अभियुक्त रियाज के मकान को गिरवी रखने का)।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम
प्रभारी निरीक्षक रवींद्र कुमार दुबे थाना कोतवाली नगर, एसओजी निरीक्षक गिरीशचंद्र गौतम, निरीक्षक अपराध मणिकांत शर्मा थाना कोतवाली सदर, एसआई अभय कुमार प्रभारी सर्विलांस टीम व कुछ अन्य पुलिसकर्मी इस टीम में शामिल थे।