समदपुर में बच्चा चोरी के शक में पकड़ीं तीन महिलाएं, पुलिस को किया हवाले
महिलाओं के साथ बच्चे होने की वजह से ग्रामीणों को हुआ शक
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सादाबाद (हाथरस)
सादाबाद। गांव समदपुर में मंगलवार को ग्रामीणों ने तीन महिलाओं को बच्चा चोर समझकर पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दे दी, जिसके बाद मौके पर कोतवाली पुलिस पहुंच गई और महिलाओं को हिरासत में लेकर कोतवाली ले आई।
एसआई देवदत्त द्वारा की गई पूछताछ में इन महिलाओं ने बताया कि वह गोंडा, कुशीनगर की रहने वाली हैं और उनके पति यहां ईंट भट्टे पर मजदूरी करते हैं और वह भी ईंट पथाई का काम करती हैं, लेकिन अभी सीजन ऑफ चल रहा है, जिस वजह से काम बंद है।
ऐसे में वह अपने गुजारे के लिए गांव गांव कपड़े, खाना आदि मंागती हैं। मंगलवार को वह गांव समदपुर में भी कपड़े और खाना मांगने पहुंची थीं, लेकिन वहां के लोगों ने उन्हें घेर लिया और उनके साथ दो बच्चे होने की वजह से उन्हें बच्चा चोर समझ लिया।