संदिग्ध परिस्थिति में नव विवाहिता की मौत
कोतवाली चंदपा क्षेत्र के गांव संटीकरा का मामला
पड़ौस के लोग महिला को लेकर पहुंचे जिला अस्पताल
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। कोतवाली चंदपा क्षेत्र के गांव संटीकरा में नवविवाहिता की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। पड़ौस के लोग उसे बेहोशी की हालत में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां पर उसे डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम हाउस में रखा गया है।
संटीकरा निवासी राधाकिशन की शादी सिकंदराराऊ के मानिकपुर क्षेत्र से करीब छह महीने पहले सपना नाम की युवती से हुई थी। राधाकिशन दिल्ली में नारियल पानी की दुकान लगाता है। गांव में उसकी पत्नी सपना उसके मां-बाप के पास ही रह रही थी। मंगलवार की दोपहर को सपना का शव मकान के ऊपर वाले हिस्से में फंखे से फंदे पर झूलता मिला। आस-पड़ोस के लोग ने कमरे का दरवाजे की कुंडी तोड़ कर नवविवाहिता को फंदे से नीचे उतारा और उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां पर मौजूद डॉक्टर ने सपना को मृत घोषित कर दिया। कुछ ही देर बाद मृतका के परिवार के लोग भी अस्पताल पहुंच गए।
शव को पोस्टमार्टम के लिए चीरघर में रखवाया गया है। एसएचओ वीपी गिरी ने बताया गया है कि शव का पंचनामा भरवाया जा रहा है। मायके वालों को सूचना दे दी गई है, वह भी आने वाले हैं। उनके आने पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।