चोरी के बाद अलमारी में बिखरा पड़ा सामान।
- फोटो : savad
मुरसान कस्बे में थाना परिसर की दीवार से सटे निजी आईटीआई संस्थान के संचालक के मकान से पांच लाख रुपये की चोरी हो गई। गृहस्वामी दिन में ताला लगाकर बाहर गए थे। रात में लौटने पर उन्हें जानकारी हुई। पुलिस उपाधीक्षक सादाबाद जेएन अस्थाना ने मामले की जांच कर कार्रवाई की बात कही है।
ब्लॉक रोड स्थित थाना मुरसान के पीछे संजय चौहान के मकान में चोरी की यह घटना सोमवार को हुई। दी गई तहरीर में उन्होंने बताया कि सोमवार की सुबह करीब 10 बजे वह मकान में ताला लगाकर बाहर गए थे। रात करीब 11:15 बजे लौटे तब चोरी का पता चला। घर के बाहर के दरवाजे पर ताला लगा था, लेकिन अंदर दो अलमारियों के ताले टूटे हुए थे। पांच लाख रुपये की नकदी सहित गहने चोरी हुए हैं। उन्होंने पड़ाेसी के मकान की छत के जरिये चोरों के घर के अंदर घुसने की आशंका जताई है। सूचना पर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
12 लाख रखे थे, पांच लाख ही ले गए चोर
संजय चौहान ने तहरीर में बताया कि आईटीआई संस्थान के काम कार्यों और विद्यार्थियों से मिली फीस के 12 लाख रुपये रखे थे। अलमारी का ताला तोड़कर उसमें से पांच लाख रुपये और सोने-चांदी के गहने ले गए हैं। बाकी रुपये वैसे ही छोड़ गए। पीड़ित के अनुसार 16 जून को हाथरस के एक निजी अस्पताल में उनकी पत्नी का ऑपरेशन हुआ था। ऑपरेशन के बाद बेटे सहित उनकी पत्नी अपने मायके में हैं। वह थाने से सटे मकान में अकेले रह रहे थे। पिछले कई दिन से काम के सिलसिले में दिन में ताला लगाकर बाहर चले जाते थे, रात में देर से लौटते थे।