डीएम अविनाशकृष्ण सिंह ने जिले के सभी डिग्री कॉलेजों, पॉलीटेक्निक, आईटीआई एवं समकक्ष उच्च शैक्षिक संस्थानों के प्राचार्यों और प्रबंधकों से कहा है कि वह एक जनवरी 2017 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले अपने कॉलेजों के सभी छात्र-छात्राओं के नाम मतदाता सूची में अवश्य जुड़वाएं।
उन्होंने सभी कॉलेजों में एक नोडल ऑफिसर नियुक्त करने, एक रजिस्ट्रेशन कक्ष बनाने और स्टूडेंट ग्रुप बनाने के बारे में प्राचार्यों को निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि 500 से कम छात्रों की संख्या वाले कॉलेजों में एक ग्रुप में पांच छात्रों, 500 से एक हजार तक छात्रों की संख्या वाले कॉलेजों में एक ग्रुप में 10 छात्रों और एक हजार से अधिक छात्रों की संख्या वाले कॉलेजों में एक ग्रुप में 15 छात्रों को शामिल किया जाए।
कलेक्ट्रेट में हुई बैठक में डीएम ने प्राचार्यों और प्रबंधकों से कहा किमतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए फॉर्म नंबर छह भरा जाएगा, जिसके लिए प्रत्येक छात्र के दो फोटो, हाईस्कूल या इंटर की मार्कशीट की फोटो कॉपी एवं वोटर आईडी, जिसमें अभिवावक का नाम अंकित हो, की जरूरत होगी।
डीएम ने कहा कि शत-प्रतिशत पात्र छात्रों के नाम मतदाता सूची में जुड़वा देने वाले सभी प्राचार्यों एवं प्रबंधकों कोे राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर सम्मानित किया जाएगा।
बैठक में मौजूद प्राचार्यों और प्रबंधकों की शंकाओं का समाधान एडीएम अली हसन कर्नी एवं सीडीओ जावेद अख्तर जैदी ने किया। डीआईओएस जेके मलिक ने प्राचार्यों और प्रबंधकों से कहा कि वह आयोग के निर्देशों का अक्षरश: पालन करते हुए राष्ट्रीय महत्व के कार्य में सक्रिय योगदान दें।