किशोरी को लेकर घूमते पकड़े चार किशोर
सहपऊ क्षेत्र निवासी किशोर के साथ आई थी फरीदाबाद की किशोरी
पूछताछ के बाद सभी को उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सहपऊ
सहपऊ। जलेसर रोड (मानिकपुर) रेलवे स्टेशन पर तैनात राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने मंगलवार की सुबह करीब पांच बजे चार किशोरों के साथ एक किशोरी को संदिग्ध हालात में घूमते हुए पकड़ लिया। जीआरपी उनको रेलवे स्टेशन की पुलिस चौकी पर भी ले गई। जीआरपी ने बारी-बारी से उनसे पूछताछ की। पहले पांचों जीआरपी को भ्रमित करते रहे। बाद में इन किशारों ने अपने नाम-पत पुलिस को बता दिए। यह चारों सहपऊ क्षेत्र के ही एक गांव के निवासी हैं।
किशोरी ने अपना पता फरीदाबाद का बताया। जीआरपी ने सभी के परिजनों को सूचना दे दी। थोड़ी देर बाद किशोरों के परिजन मौके पर पहुंच गए। इधर, किशोरी का ताऊ भी जलेसर रोड स्टेशन पर पहुंच गया। कुछ देर बाद कुछ नेता भी वहां पर पहुुंच गए और किशोरों को निर्दोष बताकर उनको वहां से ले जाने के लिए जीआरपी पर दबाव बनाने लगे। इसकी सूचना जब जीआरपी कोतवाली अलीगढ़ को मिली तो जीआरपी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने पांचों को कोतवाली अलीगढ़ बुुला लिया।
कोतवाली में पूछताछ में किशोरी ने बताया कि सहपऊ क्षेत्र के एक गांव निवासी दादरी में किसी प्राइवेट कंपनी में काम करता है। उसकी वहीं उससे मुलाकात हुई थी। वह उसके साथ घर से तीन दिन पहले बिना किसी को बताए चली आई थी। वह दोनों दो दिन तक कस्बा सहपऊ एवं अन्य स्थानों छिपकर घूम रहे थे। मंगलवार को वह दोनों कहीं और जाने की फिराक में स्टेशन पर आए थे। उसके साथ तीन लड़के भी स्टेशन पर आ गए। किसी तरह वह लोग जीआरपी की निगाह में आ गए। जीआरपी ने उनको पकड़ लिया।
सभी किशोर एवं किशोरी को उनके परिजनों को कोतवाली में बुलाकर उनके सुपुर्द कर दिया गया। किशोरी ने किशोरों द्वारा उसके साथ किसी भी तरह का गलत काम करने से मना किया है। सभी को आगे से कभी ऐसा नहीं करने की चेतावनी भी दी गई।
-यशपाल सिंह, कोतवाली निरीक्षक जीआरपी अलीगढ़