थाना क्षेत्र के गांव चोकड़ा में सोमवार की देर रात को एक युवती की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसकी हत्या किए जाने की सूचना पर मंगलवार सुबह पुलिस गांव में पहुंच गई। उस समय परिजन शव का दाह संस्कार करने की तैयारी कर रहे थे। पुलिस ने अंत्येष्टि स्थल से शव उठा लिया, इस पर परिजनों व ग्रामीणों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। पुलिस से उनकी खूब नोकझोंक हुई।
करीब दो घंटे तक गांव में हंगामे की स्थिति बनी रही। पुलिस ने अधिकारियों को इसकी सूचना दी, जिसपर चंदपा, सादाबाद, हाथरस सदर थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने सख्ती दिखाई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मरने वाली युवती पूजा (18) चोकड़ा निवासी विनोद की पुत्री थी। वह मुरसान में स्थित राजा महेंद्र प्रताप सिंह इंटर कॉलेज में पढ़ रही थी। उसकी एक मार्च को शादी होनी थी। परिजनों ने बताया कि सोमवार की देर रात उसके पेट में दर्द उठा था। वह उसे उपचार के लिए मुरसान के निजी अस्पताल में ले गए। वहां से दवा दिलाकर वापस गांव में ले आए थे। देर रात करीब एक बजे उसकी मौत हो गई।
युवती की मौत की सूचना पर रिश्तेदार और ग्रामीण घर पर एकत्रित होना शुरू हो गए। मंगलवार की सुबह परिजन युवती का अंतिम संस्कार करने के लिए अंत्येष्टि स्थल पर लेकर पहुंचे ही थे, तभी थाना मुरसान पुलिस ने गांव में पहुंचकर अंतिम संस्कार को रोक दिया। जिस पर परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया।
परिजन और ग्रामीण शव का पोस्टमार्टम कराने का विरोध कर रहे थे। करीब दो घंटे तक जद्दोजहद चलती रही। तनाव के चलते गांव में पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवती की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है, विसरा जांच के लिए सुरक्षित रख लिया गया है।
युवती की हत्या की सूचना मिली थी। मौत का कारण जानने के लिए पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मौत का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। विसरा जांच के लिए भेजा जाएगा।
हिमांशु माथुर, सीओ सादाबाद