सहपऊ क्षेत्र में ड्रोन के जरिए ग्राम आबादी का सर्वे करती सर्वे ऑफ इंडिया व राजस्व महकमे की टीम
- फोटो : SADABAD
संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद।
शासन की स्वामित्व योजना के तहत दिल्ली से आई सर्वे ऑफ इंडिया की तीन सदस्यीय टीम ने स्थानीय राजस्व महकमे की टीम के साथ शनिवार को सहपऊ ब्लॉक के छह गांव में पहुंचकर ड्रोन कैमरे से ग्राम आबादी का सर्वे किया।
एसडीएम के निर्देश पर पहले राजस्व टीम द्वारा सहपऊ ब्लॉक के गांव पीहुरा, मढ़ापिथू, फतेहउल्लापुर, शिखरा, समस्तपुर, करकौली में ड्रोन के सर्वे से पहले चूना डालकर आबादी को चिहिन्त किया गया। उसके बाद सर्वे ऑफ इंडिया की टीम ने ड्रोन के जरिए सर्वे शुरू किया। बताया गया कि स्वामित्व योजना के तहत आबादी में बने मकानों को भू स्वामित्व दिया जाएगा।
योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले गृह स्वामियों को अधिकार अभिलेख उपलब्ध कराया जाएगा। यह बैंकों से ऋण लेने व अन्य वित्तीय लाभों के लिए अपनी संपति को वित्तीय संपति के रूप में उपयोग करने में सक्षम बनाएगा। इससे मानचित्र भी बनाए जाएंगे।
सर्वे करने के उपरांत आबादी सर्वे का ऑनलाइन डाटा अपडेट किया जाएगा। योजना का मकसद संपत्ति संबंधी विवादों व कानूनी मामलों को कम करना है। मौके पर राजस्व निरीक्षक डीसी पौरुष, देवीशरण शर्मा और क्षेत्रीय लेखपाल सचिन गुप्ता, मंजुल मयंक, नागेंद्र आदि थे।