उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के 58वें प्रांतीय सम्मेलन व विचार गोष्ठी में शामिल होने के लिए हाथरस से काफी शिक्षक बृहस्पतिवार को मथुरा पहुंचे। हाथरस के शिक्षकों ने एकजुटता पर जोर दिया। मंडलीय अध्यक्ष डॉ. दिलीप कुमार अमौरिया व जिलाध्यक्ष चौ. रनवीर सिंह के नेतृत्व में शिक्षक मथुरा पहुंचे।
नेतृत्वकर्ताओं ने कहा कि हाथरस के शिक्षकों की यह सक्रिय उपस्थिति संगठन के प्रति उनकी निष्ठा, एकजुटता व संघर्षशील चेतना को दर्शाती है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह प्रांतीय सम्मेलन शिक्षकों के अधिकारों की रक्षा, समस्याओं के समाधान व भावी रणनीति निर्धारण में मील का पत्थर सिद्ध होगा।
संगठन ने हाथरस के समस्त शिक्षक साथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इसी प्रकार की एकजुटता से शिक्षक हितों को और अधिक सुदृढ़ किया जा सकता है। इस मौके पर जिला मंत्री चंद्रवीर सिंह, मीडिया प्रभारी डॉ. पवन सेंगर, राम चरण सिंह, उपाध्यक्ष संजीव शर्मा, सरजू कुमार, डॉ राजेश कुमार सहित अन्य लोग थे।