विकास खंड सासनी के संविलियन विद्यालय रघनियां में शिक्षक पर झाड़ू लगाने से मना करने पर छात्र को धक्का देने का आरोप है। छात्र का सिर दीवार या किसी नुकीली वस्तु से टकरा गया, जिससे उसे चोट आई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद बेसिक शिक्षा अधिकारी ने आरोपी शिक्षक को निलंबित कर दिया है।
वीडियो में पीड़ित छात्र सचिन और उसके परिजनों ने आरोप लगाया कि सहायक अध्यापक कपिल शर्मा ने छात्र से झाड़ू लगाने के लिए कहा था। छात्र ने जब इन्कार किया तो शिक्षक आपा खो बैठे और उन्होंने छात्र को तेज धक्का दे दिया। छात्र गिर गया और उसके सिर में चोट लग गई, जिससे काफी खून बहने लगा।
मामला संज्ञान में आने के बाद प्रभारी बीएसए गिर्राज सिंह ने जांच कराई, जिसमें प्रथम दृष्टया सहायक अध्यापक कपिल शर्मा दोषी पाए गए। शिक्षक पर पदीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरतने, विभाग की छवि धूमिल करने, शिक्षण कार्य में रुचि न लेकर विद्यालय का वातावरण दूषित करने और बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने के आरोप में निलंबन की कार्रवाई की गई है।