फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hathras News: फोन की स्क्रीन हुई ब्लैक, खाते से उड़ गए रुपये... साइबर ठगों का नया जाल

Fri, 21 Aug 2026 02:16 AM IST
अलीगढ़ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस
विज्ञापन
प्रतीकात्मक चित्र। - फोटो : Archive
विज्ञापन
मोबाइल अचानक हैंग हुआ, स्क्रीन ब्लैक हो गई या फोन बार-बार अपने आप बंद होने लगा तो इसे महज तकनीकी खराबी समझकर नजरअंदाज करना भारी पड़ सकता है। साइबर ठग अब संदिग्ध लिंक और एप के जरिए मोबाइल में सेंध लगाने के बाद बैंकिंग और यूपीआई से जुड़े डेटा तक पहुंच बनाने की कोशिश कर रहे हैं। हाथरस में सामने आए दो मामलों में मोबाइल में गड़बड़ी के बाद पीड़ितों को खाते से रुपये निकलने की जानकारी मिली।
विज्ञापन

फोन खराब समझा, एक घंटे बाद खाते से 80 हजार गायब
ममौता कलां निवासी रश्मि सिंह के मोबाइल में 15 जुलाई को अचानक बार-बार ऑन-ऑफ होने की समस्या आने लगी। उन्हें लगा कि फोन हैंग हो गया है। करीब एक घंटे बाद खाते से 80 हजार रुपये ट्रांसफर होने की जानकारी मिली तो उनके होश उड़ गए। मामले की जांच में साइबर सेल को मोबाइल में वायरस मिलने की जानकारी सामने आई।
स्क्रीन ब्लैक हुई, खाते से निकल गए 13 हजार
अलीगढ़ रोड क्षेत्र में 4 जुलाई को एक मैनेजर का मोबाइल अचानक ब्लैक हो गया। काफी प्रयास के बाद भी फोन सामान्य नहीं हुआ। बाद में सिम बदलकर खाते की जानकारी की गई तो 13 हजार रुपये निकलने का पता चला। मामले की जांच साइबर टीम कर रही है।
विज्ञापन

ऐसे बिछाया जा रहा जाल
साइबर सेल के अनुसार ठग अनजान लिंक, संदिग्ध वेबसाइट या थर्ड पार्टी एप के जरिए मोबाइल में मैलवेयर पहुंचाने की कोशिश करते हैं। इसके बाद फोन में असामान्य गतिविधियां दिखाई दे सकती हैं। ऐसे मामलों में मोबाइल और उसमें मौजूद बैंकिंग जानकारी की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है। खासकर यूपीआई और बैंकिंग एप इस्तेमाल करने वाले लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है।
एसपी बोले- जागरूकता ही पहली सुरक्षा

एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बताया कि साइबर ठगी से बचने के लिए जागरूकता सबसे जरूरी है। अनजान लिंक, संदिग्ध एप और किसी भी तरह की लालच वाली ऑनलाइन पेशकश से बचना चाहिए। मोबाइल में असामान्य गतिविधि दिखाई देने पर तुरंत बैंकिंग सेवाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए।
विज्ञापन

फोन अजीब व्यवहार करे तो तुरंत ये करें
. अनजान लिंक पर क्लिक न करें और संदिग्ध एप इंस्टॉल न करें।
. थर्ड पार्टी वेबसाइट से एपीके फाइल डाउनलोड न करें।
. किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर स्क्रीन शेयरिंग एप न डालें।
. मोबाइल अचानक असामान्य व्यवहार करे तो तुरंत इंटरनेट बंद कर दें।
. बैंक को सूचना देकर खाते की निगरानी/सुरक्षा के जरूरी कदम उठाएं।
. साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 पर शिकायत करें और साइबर सेल से संपर्क करें।
. बैंकिंग और यूपीआई एप में उपलब्ध सुरक्षा सुविधाएं सक्रिय रखें।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें