क्लास में घुसकर छात्र को पीटा
कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के बागला इंटर कॉलेज का मामला
पीड़ित छात्र ने चार नामजदों के खिलाफ पुलिस को दी तहरीर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। बागला इंटर कॉलेज के छात्र को कुछ नामजदों ने क्लास में घुसकर पीट दिया। पीड़ित छात्र ने पुलिस को तहरीर दी है, जिसके बाद कुछ छात्रों को पुलिस ने पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
खंदारी गढ़ी निवासी तरुण कुमार बागला इंटर कॉलेज में 12वीं में पढ़ता है। तरुण ने बताया कि वह अपनी क्लास में बैठा पढ़ रहा था। इस बीच वहां पर चार नामजदों सहित कुछ बाहरी लड़के आए और उसके साथ मारपीट करने लगे। यहां पर उन्होंने धमकी दी कि थाने में भी हमारी चलती है, कुछ भी नहीं होगा। तरुण ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है।
एसएचओ संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर कुछ लोगों को पूछताछ के लिए पकड़ा गया है। मामले की छानबीन की जा रही है। कॉलेज के प्रधानाचार्य ने बताया कि कॉलेज में कोई मारपीट नहीं हुई है। गेट पर जरूर कुछ छात्रों के बीच मारपीट हुई थी।