डीएम ने कहा कि शूटिंग के क्षेत्र में काम करने वाली संस्था, विशेषज्ञ या अनुभवी व्यक्ति यदि शूटिंग रेंज के संचालन, रखरखाव और खिलाड़ियों के प्रशिक्षण की जिम्मेदारी लेना चाहता है तो नियमानुसार प्रक्रिया के तहत उसे दायित्व सौंपने पर विचार किया जाएगा।
हाथरस जिले के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने की कवायद तेज हो गई है। स्पोर्ट्स स्टेडियम में शूटिंग रेंज, मल्टीपर्पज हॉल और रनिंग ट्रैक जल्द बनकर तैयार होंगे। शुक्रवार को जिलाधिकारी अतुल वत्स ने इन कार्याें का जायजा लिया और अधिकारियों को अधूरे कार्य जल्द पूरा कराने के साथ शूटिंग रेंज को शीघ्र क्रियाशील कराने के निर्देश दिए।
विज्ञापन
डीएम ने बताया कि राइफल क्लब के सहयोग से तैयार की जा रही 10 मीटर इंटरनल शूटिंग रेंज का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है। इसे संचालित करने के लिए आवश्यक उपकरणों की सूची तैयार कर उनकी खरीद प्रक्रिया तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए गए। नगर पालिका की ओर से बनाए जा रहे मल्टीपर्पज हॉल में फ्लोरिंग का कार्य जल्द पूरा कराने को कहा गया। स्टेडियम के रनिंग ट्रैक को बेहतर बनाने के लिए मरम्मत और मिट्टी भराई का कार्य भी शीघ्र शुरू कराया जाएगा।
डीएम ने कहा कि शूटिंग के क्षेत्र में काम करने वाली संस्था, विशेषज्ञ या अनुभवी व्यक्ति यदि शूटिंग रेंज के संचालन, रखरखाव और खिलाड़ियों के प्रशिक्षण की जिम्मेदारी लेना चाहता है तो नियमानुसार प्रक्रिया के तहत उसे दायित्व सौंपने पर विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्थानीय प्रतिभाओं को बेहतर सुविधाएं देकर राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना प्राथमिकता है।