जिले में अगले पांच दिनों के दौरान मौसम दो अलग-अलग रंग दिखाएगा। 10 से 12 जून तक लोगों को भीषण लू और तेज गर्मी का सामना करना पड़ेगा, जबकि 13 और 14 जून को मौसम करवट लेकर आंधी-तूफान, गरज-चमक और हल्की बारिश के रूप में राहत दे सकता है। मौसम विभाग ने 13 जून के लिए बिजली और तेज हवाओं को लेकर यलो अलर्ट भी जारी किया है।
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय कानपुर द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार शुरुआती तीन दिनों में तापमान ऊंचा रहने से गर्मी का प्रकोप बना रहेगा। इसके बाद आसमान में हल्के से मध्यम बादल छाने लगेंगे और मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार इस अवधि में अधिकतम तापमान 39 से 42 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 26 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जो सामान्य से एक से दो डिग्री अधिक हो सकता है। हवा की रफ्तार एक से 14 किलोमीटर प्रति घंटा तक रहेगी, जबकि आंधी के दौरान तेज झोंके चल सकते हैं।