न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
सहायक निदेशक बेसिक शिक्षा की निरीक्षण रिपोर्ट के आधार पर बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) ने एक विद्यालय में तैनात शिक्षक के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की है। वहां तैनात शिक्षामित्रों को तीन माह में कार्य सुधारने के निर्देश दिए हैं।
सहायक शिक्षा निदेशक (बेसिक) अलीगढ़ मंडल ने 16 दिसंबर 2021 को विकास खंड सिकंदराराऊ के प्राथमिक विद्यालय लच्छिमपुर का निरीक्षण किया था। यहां शिक्षक मिशन प्रेरणा व ऑपरेशन कायाकल्प के बारे में संतोषजनक उत्तर न देने, शिक्षक डायरी में पाठ योजना अंकित न करने, छात्र-छात्राओं की उत्तर पुस्तिकाएं न जांचने, बच्चों की शैक्षिक गुणवत्ता का स्तर कम होने, पदीय दायित्वों का निर्वहन न कर विद्यालय समय में आग जला कर कुर्सी पर बैठकर हाथ सेंकने जैस शिकायतें मिली थीं। यहां छात्र-छात्राएं कक्षाओं में बैठकर पढ़ने का इंतजार कर रहे थे।
इस पूरे मामले में निलंबन की कार्रवाई बीएसए द्वारा की गई है। निलंबन अवधि में हुकुम सिंह को बीआरसी सासनी से संबद्ध किया गया है। इसके अलावा तीनों शिक्षामित्रों महेश चंद्र, पुष्पा देवी और रेनू का हाल भी यही था। इनके खिलाफ अग्रिम आदेश तक मानदेय रोके जाने की कार्रवाई की गई है। तीन माह में विभागीय योजनाओं एवं पदीय दायित्वों के निर्वहन में सुधार लाने के निर्देश दिए गए हैं। शिक्षामित्रों के कार्य एवं व्यवहार का मूल्यांकन करने की जिममेदारी एबीएसए सिकंदराराऊ को दी गई है। संवाद