सासनी: गांव द्वारिकापुर में कोरोना संक्रमित मिलने के बाद थर्मल स्कैनिंग करतीं स्वास्थ्य विभाग क
- फोटो : SASNI
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
नोएडा की एक फर्म में काम करने वाले एक युवक के कोरोना संक्रमित पाए जाने से जिला प्रशासन में खलबली मच गई है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा गांव में घर-घर जाकर लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग शुरू कर दी गई है, जबकि संक्रमित मिले युवक के परिवार वालों को क्वारंटीन किया गया है।
दरअसल, क्षेत्र के गांव द्वारिकापुर निवासी एक युवक नोएडा की एक फर्म में ऑपरेटर के रूप में काम करता है। अचानक उसकी तबियत खराब हो गई। वह अपने घर चला आया। इसकी शिकायत युवक ने स्वास्थ्य विभाग में की। स्वास्थ्य विभाग द्वारा युवक को सीमेक्स इंटर कॉलेज में क्वारंटीन किया गया था। 20 जून को जांच के लिए नमूना भेजा गया था, जिसकी जांच रिपोर्ट 23 जून की शाम को जिला प्रशासन को मिल गई थी।
रिपोर्ट में युवक कोरोना पॉजिटिव पाया गया था, जिससे प्रशासन में खलबली मच गई है। कोरोना पॉजिटिव मिले युवक के पांच परिजनों को स्वास्थ्य विभाग द्वारा सीमेक्स इंटरनेशनल स्कूल में क्वारंटीन किया गया है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा गांव में गतविधि शुरू कर दी गई है। इसके तहत बुधवार को स्वास्थ्य टीम द्वारा घर-घर जाकर 80 घरों की थर्मल स्क्रीनिंग की जा चुकी है। टीम में प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. सीपी सिंह, सुपरवाइजर, आशा एवं संगिनी एवं एएनएम शामिल थीं।