ग्रामीण क्षेत्रों की जर्जर सड़कों की मरम्मत के लिए जिला पंचायत ने वित्तीय वर्ष 2025-26 की अनुपूरक कार्ययोजना में 62.74 लाख रुपये के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। योजना के तहत सासनी, सादाबाद और सहपऊ विकास खंडों की 6.43 किलोमीटर लंबी पांच ग्रामीण सड़कों की पैच मरम्मत कराई जाएगी।
शासन से स्वीकृति मिलते ही कार्य शुरू होगा। प्रस्तावित कार्यों में सासनी विकास खंड के ग्राम लुटसान में माता मंदिर से सितारा रेलवे स्टेशन तक 1,450 मीटर लंबे मार्ग की मरम्मत पर 19.61 लाख रुपये और लुटसान से तिलौठी तक 2,350 मीटर लंबे मार्ग पर 19.72 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
सादाबाद विकास खंड में ऊंचागांव से घाटमपुर तक 1,635 मीटर लंबे मार्ग की मरम्मत के लिए 13.02 लाख रुपये और नसीरपुर से रसमई तक 500 मीटर लंबे मार्ग के लिए 5.75 लाख रुपये प्रस्तावित किए गए हैं। सहपऊ विकास खंड में ग्राम कुकरगवां से गढ़ी चिंता तक 500 मीटर लंबे मार्ग की मरम्मत पर 4.64 लाख रुपये खर्च होंगे।
जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा उपाध्याय ने बताया कि प्रस्ताव शासन को भेज दिए गए हैं। स्वीकृति मिलते ही सभी कार्य प्राथमिकता के आधार पर शुरू कराए जाएंगे, जिससे ग्रामीणों को बेहतर और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।
कुल प्रस्तावित लंबाई : 6,435 मीटर ग्रामीण सड़कों का सुदृढ़ीकरण।
कुल प्रस्तावित बजट : 62,73,963.00 रुपये की वित्तीय स्वीकृति।