सदर विधायक गेंदालाल चौधरी ने टिकट नहीं मिलने पर आखिरकार भाजपा को भी बाय-बाय कह दिया। गौरतलब है कि बसपा से निष्कासन के बाद एक महीने पहले ही गेंदालाल चौधरी भाजपा में शामिल हुए थे और अब राष्ट्रीय लोकदल ने उन्हें हाथरस (सुरक्षित) सीट से अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया। वह मंगलवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल कर सकते हैं।
गेंदालाल चौधरी सोमवार को कलेक्ट्रेट में पूर्व विधायक डॉ. अनिल चौधरी के नामांकन के समय रालोद नेताओं के साथ मौजूद रहे। उनकी मौजूदगी को लेकर वहां काफी चर्चाएं रहीं। हालांकि कुछ देर बाद विधायक गेंदालाल ने सभी चर्चाओं का जवाब दे दिया। उन्होंने और उनके साथ मौजूद रालोद के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. अनिल चौधरी ने पत्रकारों के सामने घोषित कर दिया कि गेंदालाल चौधरी हाथरस विधानसभा सीट से रालोद के टिकट पर चुनाव लड़ेंगे।
गौरतलब है कि गेंदालाल चौधरी 2012 में लगातार दूसरी बार हाथरस (सुरक्षित) सीट से बसपा के टिकट पर विधायक चुने गए थे। इससे पूर्व 2007 के चुनाव में उन्होंने खत्म हो चुकी सासनी सीट से बसपा के टिकट पर जीत हासिल की थी। उन्हें उम्मीद थी कि लगातार दो बार जीतने के कारण बसपा उन्हें तीसरी बार भी चुनाव लड़ाएगी, लेकिन जिला पंचायत चुनाव में पूर्व मंत्री से हुए विवाद के बाद न केवल उनका टिकट कटा, बल्कि बागी तेवर दिखाने पर बसपा ने उन्हें निष्कासित भी कर दिया।
उनकी जगह बृजमोहन राही को बसपा ने हाथरस से अपना प्रत्याशी बनाया। हालांकि करीब दो महीने पहले गेंदालाल चौधरी ने लखनऊ पहुंचकर भाजपा ज्वाइन कर ली और हाथरस से टिकट के लिए भी दावा ठोक दिया, लेकिन ऐनवक्त पर उनकी उम्मीद भाजपा नेतृत्व ने भी तोड़ दी। लिहाजा वह रालोद प्रत्याशी बनने के लिए प्रयास कर रहे थे। वह रविवार की शाम को दिल्ली में रालोद मुख्यालय पर चौ.अजित सिंह के सामने पार्टी में शामिल हुए और पार्टी ने उन्हें अपना प्रत्याशी भी घोषित कर दिया।
सोमवार को सदर विधायक गेंदालाल चौधरी सादाबाद से रालोद प्रत्याशी के रूप में नामांकन पत्र दाखिल करने पहुंचे डॉ. अनिल चौधरी के साथ कलेक्ट्रेट भी पहुंचे। उन्होंने इस दौरान मंगलवार को नामांकन पत्र दाखिल करने की जानकारी दी। इस मौके पर रालोद के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. अनिल चौधरी ने भी सदर विधायक गेंदालाल चौधरी को रालोद प्रत्याशी के रूप में नामांकन करने की पुष्टि की।
अभी तक ये बात मेरी जानकारी में नहीं है कि गेंदालाल चौधरी ने रालोद ज्वाइन कर ली है। अगर उन्होंने ऐसा किया है तो यह सिद्धांतहीनता और अवसरवादिता का स्पष्ट प्रमाण पत्र है। गेंदालाल को मैने पार्टी ज्वाइन नहीं कराई। इस मामले में नेतृत्व को रिपोर्ट भेजी जाएगी और वहां के निर्देश पर ही कार्रवाई की जाएगी।
-रामवीर सिंह परमार, जिलाध्यक्ष भाजपा
मैने रविवार की शाम को दिल्ली में रालोद की सदस्यता ग्रहण कर ली। रालोद मुखिया चौ.अजित सिंह ने मुझे हाथरस से चुनाव लड़ने का आदेश दिया। हाथरस और सादाबाद दोनों सीटों पर रालोद की स्थिति बेहद मजबूत है और मैं और डॉ.अनिल चौधरी रिकॉर्ड वोटों से चुनाव जीतेंगे।
गेंदालाल चौधरी, विधायक, रालोद प्रत्याशी हाथरस