सादाबाद। गांव कुरसंडा की गोशाला में गोवंश की बदहाली का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद उसका शासन स्तर से संज्ञान लिया गया। इस मामले में पंचायत सचिव और पशुधन प्रसार अधिकारी के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
रिपोर्ट दर्ज कराते हुए खंड विकास अधिकारी सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि 30 अक्तूबर को सोशल मीडिया पर कुरसंडा स्थित गोशाला का वीडियो वायरल हुआ था। इसमें गोशाला के अंदर कई गोवंश मृत अवस्था में पड़े होने की बात सामने आई थी। वीडियो का संज्ञान लेते हुए 31 अक्तूबर को खंड विकास अधिकारी और पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. विकास यादव ने संयुक्त रूप से गोशाला का निरीक्षण किया।
जांच के दौरान गोशाला में चार गोवंश बीमार मिले। इनमें दो की हालत अत्यंत गंभीर थी और दो सामान्य रूप से बीमार पाए गए। इसके अलावा एक गाय का अविकसित भ्रूण मृत अवस्था में मिला, जिसे मौके पर गड्ढा खोदवाकर दफन कराया गया।
रिपोर्ट में बताया गया कि गोशाला के प्रबंधन और गोवंश की देखरेख की जिम्मेदारी ग्राम पंचायत सचिव संत कुमार के पास है, जबकि पशुओं को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए पशुधन प्रसार अधिकारी दिनेशपाल सिंह की तैनाती है। आरोप है कि दोनों कर्मचारियों ने गोशाला के प्रबंधन, बीमार गोवंश के नियमित उपचार और समय से देखरेख में लापरवाही बरती। कोतवाल विजय कुमार सिंह ने बताया कि बीडीओ की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।