हाथरस कोतवाली पुलिस और एक निजी सिक्योरिटी नेटवर्क के विधिक सलाहकार की संयुक्त टीम ने गुड़िहाई बाजार स्थित एक प्रतिष्ठान पर छापा मारकर भारी मात्रा में नकली मंगल डेसीकेटेड कोकोनट'''' यानी नारियल का बुरादा बरामद किया है। पुलिस ने मौके से दुकान मालिक को गिरफ्तार कर रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेज दिया है।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार स्पीड सर्च सिक्योरिटी नेटवर्क प्राइवेट लिमिटेड (चंडीगढ़) के विधिक सलाहकार प्रभात कुमार गुप्ता निवासी गोरखपुर को सूचना मिली थी कि हाथरस के एक थोक विक्रेता द्वारा मैसर्स महावीर कोकोनट इंडस्ट्रीज कंपनी के कॉपीराइट अधिकारों का उल्लंघन किया जा रहा है। आरोपी बाजार में धड़ल्ले से कंपनी का नकली उत्पाद सप्लाई कर रहा है। जिससे कंपनी को आर्थिक नुकसान हो रहा है।
बुधवार को उनकी सूचना पर पुलिस टीम ने जब गुड़िहाई बाजार स्थित बृजमोहन एंड संस पर छापा मारा, तो दुकान स्वामी अजय अग्रवाल निवासी मुरसान गेट निकट भैरव मंदिर मौजूद मिले। दुकान और गोदाम की तलाशी लेने पर पुलिस को दो प्लास्टिक के बोरों में बंद एक-एक किलोग्राम के कुल 40 पैकेट्स नकली मंगल डेसीकेटेड कोकोनट बरामद हुआ।
शिकायतकर्ता ने पुलिस के सामने कंपनी के असली उत्पाद का एक पैकेट मिलान हेतु प्रस्तुत किया। जांच में बरामद माल पूरी तरह नकली पाया गया, जिसके बाद पुलिस ने बरामद 40 पैकेट्स में से एक पैकेट को सैंपल के तौर पर अलग किया और बाकी बचे माल को सील कर अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने आरोपी अजय अग्रवाल को मौके से ही हिरासत में ले लिया और माल के साथ थाने ले गई। उनके खिलाफ कॉपी राइट एक्ट के अलावा धोखाधड़ी में भी मुकदमा दर्ज किया गया। सीओ हिमांशु माथुर ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया है, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है।