हाथरस। जलेसर रोड पर जलभराव की समस्या को लेकर एक बार फिर स्थानीय लोग सड़कों पर उतर आए और नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। आक्रोशित लोगों ने जलेसर रोड पर एक घंटे तक यातायात पुलिस की बेरीकेडिंग लगाकर खूब हंगामा काटा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया। लोग पालिका चेयरमैन और ईओ को मौके पर बुलाना चाहते थे, लेकिन कोई भी मौके पर नहीं पहुंचा।
बता दें कि जलेसर रोड पर जलभराव की समस्या को लेकर पहले भी हंगामा हुआ था। क्षेत्रीय सभासद को गंदे पानी के बीच खड़ाकर उनका घेराव किया गया था। जाम और हंगामा की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत कराया था। स्थानीय लोगों का कहना था कि जलभराव की समस्या को लेकर चेयरमैन और ईओ को कई बार अवगत कराया गया है, लेकिन आज तक कोई सुनवाई नहीं हुई।
नाले की सफाई के नाम पर गोलमाल के आरोप भी लगाए गए। जलभराव से क्षेत्र में बीमारी फैलने की आशंका बनी हुई है। छोटे-छोटे बच्चे और वृद्धजनों को निकलने में भारी असुविधा हो रही है। वाहनों निकलने पर गंदे पानी की छींटे उड़ते हैं। दुकानों और घरों के सामने हर समय गंदा पानी भरा रहता है। इस समस्या को लेकर जाम लगाया गया और हंगामा हुआ। मौके पर पालिका के अधिकारी और चेयरमैन के नहीं पहुंचने पर स्थानीय लोग पालिका पहुंच गए और हंगामा किया। ईओ को भी खूब खरी-खोटी सुनाई।
बाद में ईओ द्वारा लोगों को समस्या से निजात दिलाए जाने का आश्वासन देने पर ही लोग माने और हंगामा शांत हुआ। प्रदर्शन करने वालों में ज्योति गौतम, आशा ठाकुर, जितेंद्र कुमार, विजय शर्मा, दिनेश चंद्र, अमित शर्मा, दीपक कुमार, संजय, हरवंश, छोटे, कालू, मुरारी लाल, हरीओम, मुकेश, विष्णु, मनोज, शशिकांत, विनोद, गणेश, दिनेश चंद्र, श्याम लाल आदि लोग शामिल थे।
----
- जलेसर रोड पर नाला निर्माण की आवश्यकता है। शीघ्र ही बोर्ड बैठक में नाले का प्रस्ताव रखवाकर नए नाले का निर्माण कराया जाएगा, जिससे गंदा पानी निकल सके। मंगलवार को जेसीबी से गंदगी हटवाकर सफाई कराई जाएगी। दो सफाई कर्मी नियमित रूप से सफाई कराएंगे।
- बालकृष्ण कुम्हेरिया, ईओ हाथरस