सादाबाद। सोमवार की शाम करीब 4 बजे आंधी के साथ आई बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली, उधर तेज आंधी के कारण गांव सरौंठ, कुरसंडा में कई पेड़ धराशायी हो गए। इसके चलते आवागमन भी बाधित रहा। एक गांव में टीनशेड उड़कर पड़ोस के घर पर गिरा, जिसमें युवती और एक बालक घायल हो गया। कस्बे के कई मोहल्लों में जलभराव से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
शाम करीब चार बजे अचानक तेज हवाएं चलने लगीं। इससे गांव सरौंठ के मजरा गढ़ी हरबल में ओमवीर सिंह के मकान की दूसरी मंजिल से लगी टीन उड़ गई। यह टीन पास के मकान पर जा गिरी। इसकी चपेट में आने से राजवीर की 19 वर्षीय पुत्री कृष्णा व हरीमोहन का 12 वर्षीय पुत्र प्रवीन घायल हो गए। घायलों को पहले उपचार के लिए खंदौली लाया गया। बाद में उसे गंभीर हालत में परिजन उपचार के लिए आगरा ले गए। उधर कस्बे के मोहल्ला सुभाष गली, आनन्द नगर, डाकघर रोड आदि मार्गों पर बारिश के कारण जलभराव हो गया।