सहपऊ क्षेत्र में 21 मई रात को आई आंधी के चार दिन बाद भी विद्युत व्यवस्था पूरी तरह सुचारू नहीं हो पाई है। कई गावों में अभी भी बिजली गुल है। इससे नाराज लोग 24 मई को धर्मशाला चौराहा स्थित बिजलीघर पर पहुंच गए।
विज्ञापन
यहां उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर क्षेत्र के विद्युत व्यवस्था 24 मई शाम तक सुचारू नहीं हुई तो बिजलीघर का घेरावकर आंदोलन करेंगे। जिन गावों में विद्युत आपूर्ति बाधित है उनमें मढ़ापिथु, मढ़ाभोज, नगला कली, पट्टी बहराम, नगला विसी, नगला प्राण, नगला भोलू, परसौरा, कोंकना खुर्द, इसौंदा, दौहई, बामौर खेरिया, सल्हेपुर चंदवारा आदि गांव शामिल हैं।
अवर अभियंता नेम सिंह का कहना है कि आंधी से काफी खंभे टूट गए हैं। सादाबाद-सहपऊ की हाईटेंशन लाइन सही हो गई है। अभी इसौंदा बिजलीघर पर कार्य चल रहा है। अभी मढ़ाका फीडर के कुछ गांव रह गए हैं, उनमें शनिवार शाम तक बिजली आपूर्ति सुचारू कर दी जाएगी। इसौंदा बिजलीघर से जुड़े कुछ गांवों की आपूर्ति सुचारू करने में अभी एक-दो दिन का समय और लग सकता है।