बागला कॉलेज के मैदान पर मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेतीं सांसद, विधायक व डी
- फोटो : Samvad
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 19 अक्तूबर को आगमन को लेकर जिले के अधिकारियों के अलावा भाजपा नेताओं ने तैयारियों का खाका खींचना शुरू कर दिया है। रविवार को सांसद राजवीर सिंह दिलेर, जिलाधिकारी अर्चना वर्मा, एसपी देवेश पांडेय, सदर विधायक अंजुला माहौर, जिलाध्यक्ष शरद माहेश्वरी, पूर्व जिलाध्यक्ष गोरव आर्य ने बागला के कॉलेज मैदान में चल रहीं तैयारियों का जायजा लिया और तैयारियों के कई बिंदुओं पर चर्चा की।
कार्यक्रम के लिए मंच, प्रवेश और निकासी द्वार के अलावा हेलीपैड के स्थल को अंतिम रूप दिया गया। सांसद ने सुरक्षा व्यवस्था के साथ ले आउट प्लान, बैरीकेडिंग व्यवस्था, विशिष्ट एवं आम जनमानस के प्रवेश और निकासी प्वाइंट, वाहनों की पार्किंग व्यवस्था के बारे में विस्तार से चर्चा की। मैदान पर सफाई कराने और झाड़ियों को कटवाने के निर्देश दिए।
भाजपा महिला मोर्चा के नारी वंदन कार्यक्रम को लेकर मंच अतिथियों की उपस्थिति सहित अन्य बिंदुओं पर चर्चा की। इस मौके पर भाजपा के जिला प्रभारी देवेंद्र सिंह, सांसद प्रतिनिधि राजेश सिंह गुड्डू, मुख्य विकास अधिकारी साहित्य प्रकाश मिश्र, अपर जिला अधिकारी न्यायिक मोइनुल इस्लाम, परियोजना निदेशक राजेश कुरील आदि मौजूद रहे।