संवाद न्यूज एजेंसी, सहपऊ।
एक तरफ लॉकडाउन में सभी लोगों से घरों में रहने और सामाजिक दूरी बनाए रखने की अपील की जा रही है तो वहीं, एक प्रेमी अपनी प्रेमिका से मिलने 16 किलोमीटर दूर बाइक से रात में उसके गांव पहुंच गया। हालांकि, ग्रामीणों ने उसे पकड़ कर धुनाई कर दी। उसके बाद प्रेमी को पुलिस के हवाले कर दिया।
जानकारी के मुताबिक थाना सादाबाद के एक गांव का युवक सोमवार की रात अपनी प्रेमिका से मिलने बाइक से क्षेत्र के गांव पहुंच गया। बाइक को एक घर के सामने खड़ा कर दिया। घर के सामने काफी देर तक बाइक खड़ी देखकर घर वालों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस बाइक को लेकर कोतवाली आ गई। इसके बाद पुलिस को सूचना मिली कि ग्रामीणों ने एक चोर को पकड़ लिया है। मौके पर पहुंची पुलिस उस युवक को भी कोतवाली ले आई। पुलिस के पहुंचने से पहले ग्रामीणों ने युवक की बुरी तरह से पिटाई कर दी थी। सुबह होने के बाद कोतवाली में उसके परिजन एवं रिश्तेदार भी पहुंच गए। कोतवाल राजवीर सिंह ने बताया कि किसी ने कोई तहरीर नहीं दी। युवक तथा उनके परिजनों को चेतावनी देकर कहा गया कि दोबारा ऐसी गलती की तो सख्त कार्रवाई होगी।