कोतवाली पर हिस्ट्रीशीटर, सक्रिय अपराधी, टॉप टेन को विश्वास पत्र देते कोतवाल प्रवेश राना।
- फोटो : SIKANDHRA RAHU
संवाद न्यूज एजेंसी, सिकंदराराऊ।
पंचायत चुनाव को शांतिपूर्वक कराने के लिए बृहस्पतिवार को कोतवाली में सक्रिय अपराधियों, हिस्ट्रीशीटरों, टॉप 10 अपराधियों आदि की बैठक हुई। बैठक में उन्हें विश्वास पत्रक प्रदान करते हुए स्पष्ट चेतावनी दी गई कि किसी भी बात की सूचना अविलंब कोतवाली पुलिस को या पत्रक पर लिखे नंबरों पर देनी हैं। जिन लोगों ने एसडीएम के यहां मुचलका नहीं कराया है वे करा लें अन्यथा विधिक कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि पंचायत चुनाव के चलते कोतवाली पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। कोतवाल प्रवेश राना ने स्पष्ट कर दिया कि चुनाव में गड़बड़ी करने की कोई सोचे भी नहीं। क्षेत्र में जिन पर गुंडा एक्ट, 110 जी एक्ट लगाया गया है वे अपने कागज पूरे कर लें। सक्रिय अपराधी सावधान रहें।
नोटिस का जवाब न देना कानून की अवहेलना मानी जाएगी और उनके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी कराने से लेकर बड़ी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में सभी को बताया गया कि विश्वास पत्रक में लिखी बातों पर अमल करें तथा कोई भी गड़बड़ी की सूचना अविलंब दें।