तालाब रेलवे फाटक पर ओवरब्रिज की निर्माण की तैयारियों को लेकर एडीएम रेखा एस चौहान ने कलेक्ट्रेट सभागार में राज्य सेतु निगम के अधिकारियों के साथ बैठक की। निगम के अधिकारियों ने जानकारी दी कि 29 अगस्त से निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
इसके लिए तैयारियां पूरी कर ली गई है। बैठक में तालाब चौराहा पर ओवरब्रिज निर्माण को लेकर ट्रैफिक प्लान पर चर्चा की गई। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि दो साल में यह निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा। निर्माण कार्य को लेकर ड्राइंग बना ली गई है। निर्माण कार्य के लिए प्रथम चरण की धनराशि भी आ चुकी है।
एडीएम ने बताया कि जिले के व्यस्तम तालाब चौराहे का निर्माण उत्तर प्रदेश सेतु निर्माण निगम नामक संस्था से कराया जाएगा। इसका निर्माण कार्य आगामी 29 अगस्त से प्रारंभ होगा। प्रथम चरण में अलीगढ़ की तरफ से निर्माण कार्य किया जाएगा।
उन्होंने बताया है कि निर्माण कार्य के दौरान भारी वाहनों में रूट डायवर्जन किया जाएगा। इसके तहत अलीगढ़ और आगरा की तरफ से आने वाली रोडवेज बसें तथा भारी वाहन अलीगढ़ बाईपास से होकर गुजरेंगी। इसी तरह स्कूल बसें तालाब चौराहा से पहले ही इगलास फाटक की तरफ मुड़ जाएगी। इस अवसर पर एएसपी सिद्धार्थ वर्मा, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक रोडवेज और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।