बिजलीघर पर अधिकारियों से बात करते रालोद नेता। स्रोत : स्वयं
- फोटो : Self
हसायन क्षेत्र के महासिंहपुर गांव में तीन दिन से बिजली ठप है। जर्जर लाइन और आपूर्ति बाधित होने से ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। बिजली निगम पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए ग्रामीण धरना-प्रदर्शन के लिए ओढ़पुरा बिजलीघर की ओर रवाना हुए।
ग्रामीणों ने बताया कि वर्ष 2010 में डाली गई बंच केबल पिछले तीन वर्षों से जर्जर है। निगम ने इसे बदलने के लिए कोई कार्रवाई नहीं की। ट्रांसफाॅर्मर की खूंटी टूटने से भी आपूर्ति बाधित हुई है। भीषण गर्मी में लोगों को पेयजल और दैनिक कार्यों में दिक्कतें हो रही हैं।
ग्रामीणों ने कई बार लाइनमैन, जूनियर इंजीनियर और बिजलीघर पर शिकायत की थी, लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ। राष्ट्रीय लोकदल के जिला महासचिव बंटी भैया मौके पर पहुंचे।
बंटी भैया ने अधिशासी अभियंता (ग्रामीण) से फोन पर बात कर नाराजगी जताई। इसके बाद उपखंड अधिकारी शिवम सिंह और हसायन बिजलीघर के कर्मचारी गांव पहुंचे। उन्होंने ट्रांसफाॅर्मर की खराबी दूर करने और जर्जर लाइन की मरम्मत शुरू कराई। अधिकारियों ने एक सप्ताह के भीतर पूरी लाइन दुरुस्त करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद ग्रामीण शांत हुए। ग्रामीणों ने महौ बिजलीघर से आपूर्ति जोड़ने की भी मांग की।
शासन से स्वीकृति मिलते ही डाली जाएगी नई केबल
उपखंड अधिकारी शिवम सिंह ने बताया कि बंच केबल बदलने के लिए प्रस्ताव बनाकर उच्चाधिकारियों को भेजा जा चुका है और तीन बार रिमाइंडर भी भेजा गया है। एमडी कार्यालय से स्वीकृति मिलते ही नई केबल डलवाने की कार्रवाई कराई जाएगी। बंटी भैया ने कहा कि वह इस संबंध में प्रबंध निदेशक से वार्ता करने के साथ ही सादाबाद विधायक प्रदीप चौधरी से भी पत्र भिजवाकर समस्या के स्थायी समाधान का प्रयास करेंगे।