ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान बढ़ती यात्रियों की भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे ने हाथरस में ठहरने वाली तीन महत्वपूर्ण ट्रेनों के संचालन की अवधि बढ़ा दी है। इससे यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
ट्रेन नंबर 02417/18 दादरी-प्रयागराज एक्सप्रेस का संचालन अब 31 जुलाई तक 61 फेरों के लिए किया जाएगा। यह ट्रेन हाथरस जंक्शन स्टेशन पर रुकती है और प्रयागराज जाने वाले यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है। वहीं 05045/46 लालकुआं-राजकोट एक्सप्रेस का संचालन भी बढ़ा दिया गया है।
यह ट्रेन अब 17 मई तक पूर्व निर्धारित मार्ग और समय से संचालित होगी। इसके अलावा 04823/24 जोधपुर-मऊ जंक्शन स्पेशल एक्सप्रेस का संचालन भी 12 जुलाई तक बढ़ाया गया है। इस ट्रेन का ठहराव हाथरस सिटी स्टेशन पर होता है।
उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि गर्मी की छुट्टियों में यात्रियों की संख्या बढ़ने के कारण इन ट्रेनों की मांग अधिक थी। इसी को देखते हुए संचालन की अवधि में विस्तार का निर्णय लिया गया है, ताकि यात्रियों को यात्रा में सुविधा मिल सके।