पोस्टमार्टम हाउस पर दुर्घटना में मृत व्यक्ति के परिजन विलाप करते हुए।
- फोटो : अमर उजाला
कस्बा मुरसान में ट्रक और ट्रैक्टर की भीषण भिड़ंत हो गई, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और तीन लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
मुरसान के गांव बर्द्धवारी निवासी शंकरलाल पुत्र लालाराम और कन्हैयालाल पुत्र मूलचंद्र छोटुआ नवीपुर से ट्रैक्टर में बोरिंग का सामान लादकर मुरसान आ रहे थे। इस दौरान नाले के पास पीछे से आ रहे ट्रक ने ट्रैक्टर ट्रॉली को टक्कर मार दी, जिससे शंकरलाल की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ लग गई। यहां पर पुलिस पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
कन्हैयालाल गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें गंभीर हालत मे रेफर कर दिया गया। वही ऋषिपाल और हरीशचंद्र चुटैल हो गए, जिन्हें कस्बा मुरसान के किसी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद चालक ट्रक सहित फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बागला जिला अस्पताल भेजा।