टीईटी को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक करते डीएम व एडीएम।
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) को सकुशल, शुुचितापूर्ण और पारदर्शी ढंग से निपटाने के लिए डीएम ने कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक की। इस मौके सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, पर्यवेक्षकों और केंद्र व्यवस्थापकों को दिशा-निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि परीक्षा में गड़बड़ी करने वालों पर सीधे एनएसए की कार्रवाई की जाएगी।
डीएम ने सभी केंद्र व्यवस्थापकों से प्रवेश पत्र में दिए गए निर्देशों के अनुसार प्रवेश देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर लगाए गए कक्ष निरीक्षक द्वारा गड़बड़ी किए जाने पर सारी जिम्मेदारी केंद्र व्यवस्थापक की ही होगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का सख्त निर्देश है कि परीक्षा को दूषित करने वालों पर एनएसए की कार्रवाई की जाए। डीएम ने स्टेटिक मजिस्ट्रेट से अपने परीक्षा केंद्र पर जाकर प्रकाश व्यवस्था, सीसीटीवी व्यवस्था, बैठक व्यवस्था, स्वच्छता तथा सुरक्षा आदि की व्यवस्था को निरीक्षण करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि परीक्षा तारीख से एक दिन पहले की शाम से फोटो कॉपी की दुकानें बंद रहेंगी। एसपी जय प्रकाश ने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी पुलिस विभाग की होगी। इस मौके पर एडीएम रेखा एस चौहान, एसडीएम अरुण कुमार सिंह, एसडीएम सासनी नितीश कुमार सिंह, एसडीएम सिकंदराराऊ ज्योत्सना बंधु, ओसी कलेक्ट्रेट पकंज वर्मा, डीएसओ सुरेंद्र यादव, जिला कृषि अधिकारी डिपिन कुमार आदि मौजूद थे।