हाथरस। प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) में ड्यूटी से अनुपस्थित रहने वाले दो जिला स्तरीय अधिकारियों को अपर जिला मजिस्ट्रेट (न्यायिक) ने कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। इन दोनों से दो दिन के भीतर स्पष्टीकरण तलब किया गया है।
नोटिस के अनुसार सहायक अभियंता सिंचाई हैदर मेहंदी को महात्मा गांधी इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट के रूप में नियुक्त किया गया था। सेक्टर मजिस्ट्रेट और केंद्र व्यवस्थापक की रिपोर्ट के अनुसार वे 30 अक्तूबर को प्रातः साढ़े आठ बजे तक केंद्र पर उपस्थित नहीं हुए और इससे पहले 25 अक्तूबर को आयोजित परीक्षा के दिन भी निर्धारित समय पर अनुपस्थित रहे थे।
इसी प्रकार जिला होम्योपैथी चिकित्साधिकारी डॉ. अशोक कुमार चौहान को आरक्षित सेक्टर मजिस्ट्रेट के रूप में नियुक्त किया गया था, जो पर्याप्त सूचना और निर्देशों के बावजूद कलक्ट्रेट में उपस्थित नहीं हुए। एडीएम न्यायिक प्रकाशचंद्र ने बताया कि यदि दो दिन में दोनों का संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं मिला तो जिलाधिकारी के माध्यम से उनके निलंबन और विभागीय कार्रवाई के लिए मुख्यमंत्री व आयोग को पत्र भेजा जाएगा।