संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद।
सदस्य राजस्व परिषद और जिले के नोडल अधिकारी रजनीश गुप्ता ने जिलाधिकारी रमेश रंजन के साथ रविवार को ग्राम पंचायत कजरौठी के मजरा पल्हावत में शीशम का पौधा और लोक निर्माण विभाग के निरीक्षण भवन के बाहर कंजरी का पौधा रोपित कर वृहद पौधरोपण कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
उन्होंने कहा कि पृथ्वी पर पर्यावरण को जीवंत बनाए रखने एवं जीवन को संजीवनी प्रदान करने के लिए पौधरोपण अत्यंत आवश्यक है। पौधरोपण से वन संपदा में वृद्धि होती है। वृक्ष ऑक्सीजन के उत्सर्जन के साथ ही वायुमंडल में कार्बन डाइऑक्साइड को नियंत्रित करते हैं। हर व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम पांच पौधे लगाकर उसकी देखभाल करनी चाहिए। उन्होंने आमजन से फलदार, फूलदार, छायादार व औषधीय पौधों को अधिक से अधिक लगाने की अपील की।
डीएम रमेश रंजन ने कहा कि वृक्ष जलवायु परिवर्तन में अहम भूमिका निभाते हैं। जल संचयन एवं संरक्षण में भी इनका महत्वपूर्ण योगदान होता है, इसलिए हमें पौधरोपण की महत्ता को समझते हुए बढ़-चढ़कर अभियान में अपना सहयोग देना चाहिए। खंड विकास अधिकारी गरिमा खरे ने कहा कि ग्राम पल्हावत का यह भूखंड लगभग एक एकड़ में फैला है, जिसमें आज विभिन्न प्रकार के 250 पौधों का रोपण किया जाएगा।
अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत लल्लन यादव ने बताया कि लोक निर्माण विभाग से नेशनल हाईवे के दोनों और लगभग 900 मीटर तक 1000 पौधों का रोपण किया जाएगा। इस मौके पर एडीएम जेपी सिंह, सीडीओ आरबी भास्कर, एसडीएम अंजलि गंगवार आदि उपस्थित रहे।