जनपद में विकास कार्यों को गति देने के लिए शासन ने करीब साढ़े छह करोड़ रुपये का बजट जारी कर दिया है। इससे दो धार्मिक स्थलों के साथ नौ मार्गों का नवीनीकरण किया जाएगा। इसके लिए लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) ने टेंडर प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।
स्वीकृत मार्गों में धार्मिक स्थलों तक पहुंचने वाले मार्ग भी शामिल हैं। इसमें करीब 88 लाख रुपये से सासनी के तिलौठी मार्ग से महादेव मंदिर मार्ग, 75.75 लाख रुपये से अलीपुर आनंदमय आश्रम की अलीगढ़ सीमा तक का मार्ग, 38.40 लाख से मीतई से खेड़ा परसौली मार्ग बनाया जाएगा। इसी क्रम में 68.10 लाख रुपये से आगरा रोड से कलवारी-जलेसर मार्ग, 82.80 लाख रुपये से नगला अलगर्जी पीबी मार्ग, 36.50 लाख रुपये से खोड़ा रसगवां से धमरपुरा मार्ग और 53.30 लाख रुपये से सादाबाद जलेसर से तामसी बटपुरा करैया मार्ग बनाया जाएगा।
लगभग 38.80 लाख रुपये से सादाबाद जलेसर मार्ग से इंसौदा बामौर मार्ग, 169 लाख रुपये से गांव राजपुर होते हुए बेरगांव तक मार्ग का निर्माण किया जाएगा। इन निर्माण कार्यों के शुरू होने से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा और धार्मिक स्थलों तक पहुंच भी आसान होगी। लोनिवि के अधिशासी अधिकारी संजीव कुमार वर्मा ने बताया स्वीकृति मिल चुकी है, टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जल्द ही काम शुरू कर दिया जाएगा।