कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की युवती से शादी टूटने से नाराज युवक सोशल मीडिया पर तस्वीरें पोस्ट कर ब्लैकमेल कर रहा है। जान से मारने की धमकी दे रहा है। पीड़िता की मां ने मामले की लिखित तहरीर कोतवाली में दी है।
पीड़िता की मां के अनुसार उनकी बेटी की शादी हाथरस जंक्शन थाना क्षेत्र के जयपुर-बरेली राजमार्ग स्थित गांव निवासी युवक से तय हुई थी। शादी तय होने के बाद युवक की नशे की आदत, जुआ खेलने व गलत गतिविधियों की जानकारी मिलने पर उन्होंने रिश्ता तोड़ दिया। इसी बात से नाराज होकर युवक उनकी बेटी को लगातार फोन कॉल कर धमकियां दे रहा है। आरोप है कि युवक युवती की तस्वीरों को इंस्टाग्राम व फेसबुक पर पोस्ट कर ब्लैकमेल कर रहा है। कोतवाली प्रभारी गिरीश चंद्र गौतम ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई होगी।