चंदपा के गांव कुंवरपुर में पसरा सन्नाटा। संवाद
- फोटो : Samvad
चंदपा के गांव कुंवरपुर निवासी गोपाल (37) की फरीदाबाद में हुई निर्मम हत्या के बाद से मां हंसो देवी का बुरा हाल है। उनका कहना है कि जिस तरह मेरठ के चर्चित नीले ड्रम कांड में दोनों को सजा दी गई है, ठीक उसी तरह उनकी बहू काजल और उसके प्रेमी योगेंद्र को भी फांसी की सजा मिलनी चाहिए।
15 अक्तूबर को सुबह गोपाल के छोटे भाई भूरी सिंह को हत्या की जानकारी मिली थी। जब वे मौके पर पहुंचे तो भाई का गला कटा हुआ था। 16 अक्तूबर की शाम को शव गांव पहुंचा, जहां अंतिम संस्कार में पूरा गांव उमड़ पड़ा था। शनिवार को भी मृतक के घर पर लोगों का आना-जाना लगा रहा। सभी मां हंसो देवी को दिलासा दे रहे हैं।
इधर, प्रेमी योगेंद्र गांव का ही है। इस कारण गांव में भी तनाव पूर्ण खामोशी नजर आई। आरोपी के घर से कोई निकलता नहीं देखा गया। गली में सन्नाटा छाया रहा।
कार्रवाई की जानकारी के लिए फरीदाबाद गए भाई
भूरी सिंह व चंद्रवीर ने कहा कि हत्या केवल दो लोगों द्वारा नहीं की गई है। भूरी सिंह ने कहा कि उनकी भतीजी शालिनी ने उन्हें फोन कर भाई के बीमार होने की जानकारी दी थी। साथ ही झूठ बोला था कि वह सोनीपत में है, जबकि वह मौके पर थी, इसलिए उन्हें पूरी आशंका है कि उसका भी घटना में हाथ है। इसके साथ एक और लड़की के घटना में शामिल होने की आशंका जताई जा रही है। केवल दो लोगों पर ही कार्रवाई होने पर शनिवार को भाई अशोक गांव के कुछ लोगों के साथ फरीदाबाद गए। वहां फरीदाबाद पुलिस से सही जांच की मांग की है।
10 महीने पहले वायरल हुए थे अश्लील फोटो
चंद्रवीर ने बताया कि करीब 10 महीने पहले गांव में भाभी व योगेंद्र के आपत्तिजनक फोटो वायरल हो गए थे। तब भाभी ने एआई फोटो बताकर मामला निपटा दिया था। बदनामी के डर से वे लोग भी शांत हो गए। चंद्रवीर ने बताया कि योगेंद्र की पत्नी उसे काफी समय पहले छोड़ चुकी है। कुछ साल पहले वह किसी लड़की को भी ले आया था, जो बाद में चली गई थी। गांव में उसकी अच्छी छवि नहीं थी।