गांव वेदई निवासी आशा कुमारी ने शुक्रवार को कई पूर्व सैनिकों के साथ जिलाधिकारी कार्यालय में प्रार्थना पत्र सौंपा। उन्होंने गांव में पक्की सड़क बनवाने की गुहार लगाई।
उन्होंने बताया कि वह कारगिल शहीद सत्यप्रकाश परमार की पत्नी हैं। उनके पति कारगिल युद्ध में युद्ध के दौरान सन 1999 में वीरगति को प्राप्त हो गए थे। उनकी स्मृति में गांव वेदई को जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग पर शहीद सत्यप्रकाश गेट व पार्क ग्राम पंचायत के तत्कालीन ग्राम प्रधान ने बनवाया था, जिसमें उनके शहीद पति की प्रतिमा लगी थी।
गांव में उनके लिए आवास भी बनवाया गया था, लेकिन 25 साल बीत जाने के बाद भी शहीद गेट वेदई से शहीद स्मारक पार्क वेदई व आवासीय मकान तक पक्की सड़क नहीं बनी है, जबकि 2020 में हुए पुलवामा हमले में शहीद हुए सभी शहीदों के शहीद गेट से लेकर शहीद स्मारक पार्क व पक्के मार्ग बन चुके हैं। उन्होंने पत्र में अपने आवास तक पक्की सड़क बनवाए जाने की मांग की है।