कोतवाली में धरने पर बैठे मंगलामुखी। संवाद
- फोटो : Samvad
बड़ी संख्या में मंगलामुखियों ने रविवार को कोतवाली पर पहुंचकर हंगामा किया। मंगलामुखी दो दिन पूर्व झगड़े के मामले में आरोपी अशोक कुमार उर्फ मनचली के खिलाफ कार्रवाई न होने से नाराज थे। मौके पर पहुंचे सीओ सिटी ने समझा-बुझाकर मंगलामुखियों को शांत किया।सीओ सिटी ने आरोपी अशोक और मनचली को कस्बे में न रहने की हिदायत दी और मंगलामुखियों को आश्वासन दिया कि वह कस्बा के किसी भी क्षेत्र में नेग नहीं मांगेगा। अगर वह कस्बे में नेग मांगता नजर आता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस मौके पर किन्नर एकता समिति की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवम, राष्ट्रीय सचिव वैशाली पंडित और गुरु बिंदिया मौसी ने अशोक कुमार उर्फ मनचली को सासनी क्षेत्र से बेदखल कर दिया है। उन्होंने सासनी की समस्त जनता से अपील की है कि वह फर्जी मंगलामुखी अशोक कुमार उर्फ मनचली को किसी भी तरह का नेग न दें। वह इस नेग का हकदार नहीं है। अगर वह क्षेत्र में किसी भी तरह का नेग मांगने आता है तो इसकी सूचना तुरंत बिंदिया मौसी को दें।
दूसरी तरफ अशोक कुमार उर्फ मनचली का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह कह रहा है कि बिंदिया ने ही उसका लिंग परिवर्तन कराके उसे मंगलामुखी बनाया है। उसका कहना है कि उसने यह कहकर चादर चढ़ाने का विरोध किया था कि वह हिंदू है, इसलिए दरगाह पर चादर चढ़ाने नहीं जाएगा और न हीं गोश्त खाएगा। इसी बात पर बिंदिया गुरु और उसके समर्थकों ने उसे पीटा। उसने चेतावनी दी कि अगर उसे न्याय नहीं मिला तो वह आत्महत्या करने के लिए मजबूर हो जाएगा।
गौरतलब है कि शनिवार को मंगलामुखियों के दो पक्षों में झगड़ा हो गया था, जिसके बाद मंगलामुखी अशोक कुमार उर्फ मनचली को घसीटते हुए थाने लेकर आए थे। पुलिस ने मनचली के खिलाफ 151 की कार्रवाई की थी, जिससे मंगलामुखी संतुष्ट नहीं थे। सीओ योगेंद्रकृष्ण नारायण का कहना है कि अशोक उर्फ मनचली फर्जी मंगलामुखी है। मंगलामुखी समाज ने उसे निष्कासित कर दिया है। अगर वह क्षेत्र में नेग मांगता हुआ मिला तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।